उझानी। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अधिशासी अधिकारी (ईओ) मणी जी सैनी के नेतृत्व में बस स्टैंड से घंटाघर चौराहे तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान लगातार तीन दिनों तक चलाया जाएगा।अभियान के दौरान पंजाबी कॉलोनी मोड़ पर एक दुकानदार से अतिक्रमण हटाने को लेकर ईओ की तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ने पर ईओ की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित दुकानदार को हिरासत में लिया। बाद में समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया।इसके बाद नगर पालिका की टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र से मंडी समिति तक कार्रवाई करते हुए सड़क तक फैली सब्जी एवं फल विक्रेताओं की दुकानें हटवाईं। इस दौरान कई दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली। ईओ मणी जी सैनी ने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण सोमवार को अभियान अपेक्षाकृत धीमी गति से चला। उन्होंने कहा कि मंगलवार से कछला रोड बाजार में दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान का लक्ष्य कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक की पूरी सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना है।उन्होंने सभी दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर कर लें। यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंस्पेक्टर क्राइम राहुल चौहान, महिला निरीक्षक भारती सिंह तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन कांवड़ यात्रा और त्योहारों के दौरान ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता है, जबकि बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि तीन दिन का यह अभियान स्थायी समाधान की दिशा में कितना प्रभावी साबित होता है।