उझानी मदर शील मेमोरियल एकेडमी, उझानी में तीन दिवसीय हिंदी दिवस आयोजन का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रथम दिवस विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और लेखन कौशल को बढ़ावा देने के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।विद्यालय में नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए श्रुतलेख गतिविधि आयोजित हुई। नन्हे हाथों ने सुने हुए शब्दों को शुद्ध और सुंदर लिखावट में लिखने का प्रयास कर सभी का मन मोह लिया।वहीं कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों ने कंठस्थ कविता लेखन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने याद की हुई कविताओं को सुव्यवस्थित रूप में कागज पर उतारा।कक्षा 4 से 7 के विद्यार्थियों के लिए शुद्ध वर्तनी शब्द लेखन गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदी शब्दों की सही वर्तनी का अभ्यास कराया गया।कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने ‘हिंदी है हमारी शान’ जैसे आकर्षक और विचारशील स्लोगनों के माध्यम से हिंदी के महत्व को बखूबी दर्शाया।प्रथम दिन की सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, रचनात्मकता और शुद्ध लेखन कौशल विकसित करना रहा।