बरेली । नवाबगंज में ऑपरेशन क्लीन के तहत नवाबगंज थाना पुलिस ने न्यायालय जेएम नवाबगंज के आदेश पर आबकारी अधिनियम से जुड़े 37 मुकदमों में बरामद अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, न्यायालय जेएम नवाबगंज द्वारा 22 अगस्त को थाना मालखाने में दाखिल आबकारी अधिनियम से संबंधित माल के विनष्टीकरण के आदेश दिए गए थे। आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी नवाबगंज द्वारा गठित टीम के निर्देशन में 11 सितंबर को थाना नवाबगंज परिसर में कार्रवाई की गई।इस दौरान 237 लीटर अवैध कच्ची शराब, 495 पव्वे देशी शराब और 48 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। विनष्ट किए गए माल का विवरण थाना अभिलेखों में दर्ज करने के साथ न्यायालय के आदेश को मालखाना रजिस्टर में चस्पा किया गया।विनष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी नवाबगंज, नायब तहसीलदार नवाबगंज, आबकारी निरीक्षक नवाबगंज क्षेत्र, प्रभारी निरीक्षक थाना नवाबगंज तथा हेड मोहर्रिर 240 सतीश कुमार पाल मौजूद रहे।