रोटरी क्लब ऑफ़ बदायूं गोल्ड का हरित अभियान, नीम-पीपल समेत छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण
बदायूं। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ़ बदायूं गोल्ड द्वारा सोमवार को माझिया रोड पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लगातार घटते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण के प्रति समाज को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं रोटरी के पूर्व असिस्टेंट गवर्नर डॉ. संजीव गुप्ता ने पहला पौधा लगाकर किया। इसके बाद क्लब अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नीम, पीपल सहित छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।
क्लब के सचिव प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने क्लब के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।वरिष्ठ सदस्य गोपाल रस्तोगी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। आज ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौती पूरी दुनिया के सामने है। इससे निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए।कार्यक्रम में क्लब के कोषाध्यक्ष सुरजीत गुप्ता, राम मोहन अग्रवाल, अनिल गुप्ता (सोनू), पवन शर्मा, मनोज गुप्ता, राहुल गोयल, डॉ. गोपाल वैश्य, डॉ. मोहित शर्मा, सुनील गुप्ता, जितेंद्र महाजन, देवेंद्र गुप्ता, डॉ. कौशल गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. तोशिंदर सिंह, मुकेश गुप्ता, मनोज मसीह, डॉ. वैभव गुप्ता, राजेश गुप्ता, संजीव सक्सेना, अमित वैश्य, सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।















































































