बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कोमल कुण्डू, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता तथा पुलिस टीम रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे कॉलोनी में एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 जुलाई की रात करीब 12:57 बजे रेलवे कॉलोनी से अवधेश सिंह (22 वर्ष) निवासी मोहल्ला पट्टी सतुईया, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था और लोगों को डराने-धमकाने तथा अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास रखता था।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी फतेहगंज पश्चिमी थाने में गंभीर धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।