बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने शनिवार को रामगंगा नगर आवासीय योजना सहित विभिन्न आवासीय एवं वाणिज्यिक परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सड़क, सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, ड्रेनेज और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने सेक्टर-07 स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का भी निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा, स्वच्छता, ट्रांसफॉर्मर, केबल नेटवर्क और उपकरणों के नियमित अनुरक्षण पर विशेष जोर दिया। जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त, नालियों में सिल्ट, सीवर व्यवस्था में कमी, जल निकासी में बाधा या स्ट्रीट लाइट खराब मिली, वहां तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य दो वर्ष की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि के अंतर्गत हैं। इस दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को अपने खर्च पर मरम्मत करनी होगी। सुधार कार्य में लापरवाही या विलंब होने पर ब्लैकलिस्टिंग, अनुबंध समाप्ति, आर्थिक दंड और अन्य संविदात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपाध्यक्ष ने अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करने, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा सभी परियोजनाओं में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्रों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण निर्माण, प्रभावी अनुरक्षण और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।