बरेली। महानगर कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में नई दिल्ली में छात्र-छात्राओं के साथ हुई कथित घटनाओं, नीट एवं सीबीएसई सहित विभिन्न परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सत्याग्रह और कैंडल मार्च आयोजित किया। कमिश्नरी से अंबेडकर पार्क तक निकाले गए कैंडल मार्च के माध्यम से छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई।महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी आंदोलनरत छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए तथा छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस ली जानी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूरे मामले पर देशवासियों से माफी मांगने की मांग भी की। पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने कहा कि इन घटनाओं से सरकार का वास्तविक चरित्र सामने आया है और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। वरिष्ठ नेता नवाब मुजाहिद हसन ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।कार्यक्रम में तीर्थ मधुकर, तबस्सुम खान, शबनम मलिक, प्रवीण मिश्रा, निधि शर्मा, सफदर अली, हाजी जुबैर, इमरान खान, मनोज शर्मा, राजकमल बेदी, अनिल देव शर्मा, प्रेम शंकर आनंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।