बरेली। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने शनिवार को बैरियर संख्या-02 से पीलीभीत रोड बड़े बाईपास तक प्रस्तावित एवं प्रचलित सड़क चौड़ीकरण, विद्युत प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर सभी व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सड़क चौड़ीकरण, विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट की स्थापना, मार्ग की साफ-सफाई, अवरोधों को हटाने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी अथवा कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अभियंता, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।