बरेली। आषाढ़ मास की देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में भव्य श्याम गुणगान एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का कलकत्ता और बेंगलुरु से मंगाए गए आकर्षक फूलों से दिव्य श्रृंगार किया गया। अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि देवशयनी एकादशी पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा मंदिर की ओर से की गई। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से दूर-दराज से आने वाले अनेक भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हुई हैं। किसी को संतान सुख, किसी को असाध्य रोग से राहत तो किसी को व्यापार और पारिवारिक जीवन में सफलता प्राप्त हुई है। भजन संध्या का शुभारंभ मोहन दीवाना ने किया। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायिका सोनल चंचल तथा भजन गायक शिवम शर्मा, अभिराज सिंह और आनंद ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए। “श्याम तेरी बंसी पुकारे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूम उठे। शिवम शर्मा ने गुरु वंदना और गणेश वंदना से कार्यक्रम को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया। संगीत में ऑर्गन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन, पैड पर अंकुर कश्यप तथा साउंड व्यवस्था बिपिन कश्यप ने संभाली। कार्यक्रम में अनुपम टीबड़ेवाल, धर्मेन्द्र सिंह तोमर, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता गुप्ता, गौरव अरोरा, पवन मौर्य सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।