बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में दवा लेने जा रहे बाइक सवार तीन लोगों पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे तीनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।परिजनों के अनुसार थाना सिरौली के जगन्नाथपुर निवासी 22 वर्षीय शिवानी को बुखार था। उसे दवा दिलाने के लिए उसके चाचा विनोद और बहन काजल के साथ मोटरसाइकिल से रामनगर सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में सिरौली के पास अचानक बंदरों ने बाइक पर हमला कर दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में विनोद, शिवानी और काजल घायल हो गए। सभी को पहले रामनगर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। शिवानी के सिर और शरीर में अधिक चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि शिवानी की शादी रामपुर जिले के शाहाबाद निवासी प्रशांत से हुई है। वह इन दिनों अपने मायके जगन्नाथपुर घूमने आई हुई थी, अब यह हादसा हो गया।