बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली नार्थ एवं पूजा सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में स्टेडियम रोड स्थित होटल में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि 26 जुलाई को प्रातः 11 बजे डी.डी. पुरम स्थित अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के सभागार में दैवीय शक्तियों एवं शंभल विषय पर एक विशेष सेमिनार आयोजित होगा। प्रेसवार्ता में कल्कि विचार मंच, कानपुर के संयोजक एवं मुख्य वक्ता अशोक घई ने दावा किया कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से दैवीय शक्तियों पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेमिनार में शंभल, युग परिवर्तन, दैवीय शक्तियों से जुड़े अपने अनुभव और शोध पर विचार रखेंगे। साथ ही उन्होंने भविष्य से जुड़े कई दावे भी किए। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व रोटरी गवर्नर पी.पी. सिंह ने बताया कि सेमिनार के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव कुमार अग्रवाल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन श्रुति गंगवार, टी.पी.एस. सेठी, डॉ. रवि मेहरा, विनय कृष्ण तथा डॉ. धर्मेन्द्र कुमार शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, रोटरी एवं इनरव्हील क्लब के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रेसवार्ता में मुख्य वक्ता अशोक घई कार्यक्रम संयोजक पूर्व रोटरी गवर्नर एव पूजा सेवा संस्थान चेयरमैन पी. पी. सिंह , जे. आर. गुप्ता, अतुल कुमार अनेजा, अशोक गुप्ता, शिरीष गुप्ता, सुरेश भाटिया, आदि मौजूद रहे।