बदायूँ।।उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल के विद्यालय परिसर में आज गरिमामय वातावरण के बीच इन्वेस्टिचर सेरेमनी (Investiture Ceremony) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ स्तुति पुरवार के द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके पद एवं दायित्वों की औपचारिक घोषणा की गई।समारोह में कीर्ति को हेड गर्ल, दिशा शाक्य को वाइस हेड गर्ल, अनायजा को कल्चरल इंचार्ज, सुमैया को स्पोर्ट्स इंचार्ज तथा खुशी को डिसिप्लिन इंचार्ज नियुक्त किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के सभी हाउसों के लिए कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में से प्रीफेक्ट्स का भी चयन किया गया, जिन्हें उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई।स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ स्तुति पुरवार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं प्रीफेक्ट्स को शपथ दिलाते हुए उन्हें विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन कराने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।अपने संबोधन में प्रधानाचार्या ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी और आदर्श आचरण का प्रतीक है। उन्होंने सभी छात्र नेताओं एवं प्रीफेक्ट्स को विद्यालय के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं प्रीफेक्ट्स को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का सफल संचालन शिक्षकों के सहयोग से संपन्न हुआ तथा सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।