बरेली। थाना आंवला पुलिस ने ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बैटरी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को आकाश पुत्र नरेश चन्द्र निवासी पुरैना ढाल, आंवला ने तहरीर देकर बताया कि वह छोटी बाजार स्थित चांदनी चौक पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अजीत पुत्र विद्याराम निवासी मोहल्ला खेड़ा उसके ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को बैटरी सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में थाना आंवला पर मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत 26 वर्ष पुत्र विद्याराम, निवासी मोहल्ला खेड़ा, कस्बा एवं थाना आंवला, जनपद बरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी, इसलिए उसने ई-रिक्शा से बैटरी चोरी की थी। बैटरी लेकर जाते समय स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ईस्टमैन कंपनी की नीले रंग की एक बैटरी बरामद की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह, हेड कांस्टेबल फजील अहमद तथा कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।