बदायूं बना प्रदेश के अधिवक्ताओं की हुंकार का केंद्र, अधिवक्ता महासम्मेलन में गूंजा संरक्षण अधिनियम लागू करने का संकल्प
बदायू। डाइट ऑडिटोरियम में शनिवार को जिला बार एसोसिएशन बदायूं एवं संयुक्त बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय अधिवक्ता महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। महासम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पदाधिकारी, प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई तथा अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की जोरदार मांग उठाई गई।
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए विभिन्न जिलों से आए बार एसोसिएशन के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार को बिना किसी विलंब के अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करना चाहिए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक यह अधिनियम लागू नहीं किया जाता, तब तक अधिवक्ता समाज अपना संघर्ष जारी रखेगा।में न्यायालयों में अधिवक्ताओं से अंडरटेकिंग लिए जाने की व्यवस्था का भी कड़ा विरोध किया गया। वक्ताओं ने इसे अधिवक्ता हितों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि प्रदेश का कोई भी अधिवक्ता न्यायालय में अंडरटेकिंग नहीं देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था अधिवक्ताओं की स्वतंत्रता और गरिमा को प्रभावित करने का प्रयास है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।महासम्मेलन में मौजूद पदाधिकारियों ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू नहीं किया गया तो प्रदेशभर के अधिवक्ता सड़कों पर उतरकर व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।इसके अतिरिक्त सम्मेलन में अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य, दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि अधिवक्ताओं एवं उनके परिवारों के हित में प्रभावी स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू की जाएं ताकि संकट की स्थिति में उन्हें आर्थिक और चिकित्सकीय सहायता मिल सके।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला बार एसोसिएशन बदायूं के अध्यक्ष देवपाल सिंह, महासचिव संदीप मिश्रा तथा जिला बार एसोसिएशन की समस्त कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन महासचिव संदीप मिश्रा एवं अधिवक्ता दिवाकर वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।महासम्मेलन में कानपुर, मथुरा, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, कौशांबी, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, मेरठ, एटा, गौतम बुद्ध नगर, बरेली, हाथरस, गोरखपुर सहित प्रदेश के अनेक जिलों के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, उनके प्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला बार एसोसिएशन बदायूं के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता सम्मेलन में मौजूद रहे।
जिला बार एसोसिएशन बदायूं के मीडिया प्रभारी एडवोकेट जीत ठाकुर ने बताया प्रदेशभर से आए अधिवक्ताओं की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा को लेकर लिए गए सामूहिक संकल्प के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।















































































