बदायूँ। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा विकासखंड जगत के ग्राम रसूलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाल सुरक्षा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने छात्र-छात्राओं को गुड टच–बैड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या असुरक्षित स्थिति में बिना किसी भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। महिला कल्याण विभाग, बदायूं से उपस्थित प्रीति चौहान ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा शासन द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा संस्था एवं महिला कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की स्वयंसेविकाओं कुमकुम, सुमन पाल, शुभांशिका का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को सदैव सजग एवं जागरूक रहने का संदेश दिया गया।