दिल्ली की घटना के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री की अर्थी निकालकर जताया विरोध
बरेली। दिल्ली में हालिया छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला अध्यक्ष मनोज सागर के नेतृत्व में सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में प्रदर्शन किया प्रदर्शन करते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।ज्ञापन में पार्टी ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र-युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर चिंता में हैं। पार्टी ने एनआरआरटी पेपर लीक प्रकरण में जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही संसद में पेपर लीक और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा कराने की भी मांग उठाई।ज्ञापन में आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न करने, शिक्षा माफिया एवं पेपर लीक गिरोहों पर कठोर कार्रवाई करने, रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोकने तथा छात्राओं के साथ हुई कथित घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा पुलिस कार्रवाई, सादी वर्दी में मौजूद व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करने, आंसू गैस के प्रयोग तथा अन्य आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग रखी गई।
आजाद समाज पार्टी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, सभी रिक्त सरकारी पदों पर समयबद्ध भर्ती, वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, नॉर्मलाइजेशन प्रणाली समाप्त करने तथा सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक करने सहित शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में कपिल , अच्छन अंसारी , मनोज सागर , विकास बाबू , कामना जगन्नाथ , सुशील गौतम , अजहर अंसारी , सैफ मैसी, मुकेश आदि मौजूद थे।















































































