बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने शनिवार को प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डोहरा रोड, पीलीभीत बाईपास रोड, सतीपुर चौराहा, 100 फुटा रोड, मिनी बाईपास और रामपुर रोड समेत कई क्षेत्रों का दौरा कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भवन स्वामी को निर्माण शुरू करने से पहले बीडीए से विधिवत मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा तथा निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण उपविधियों के अनुरूप ही किया जाए।सभी निर्माणकर्ताओं को निर्माण स्थल पर स्वीकृत मानचित्र संख्या, स्वीकृति तिथि एवं अन्य आवश्यक विवरण वाला डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत मानचित्र से विचलन वाले मामलों में नियमानुसार कंपाउंडिंग कराई जाए, जबकि कंपाउंडिंग योग्य न होने वाले निर्माणों के विरुद्ध तत्काल सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य विधिक कार्रवाई की जाए।उपाध्यक्ष ने प्रवर्तन अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माणों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। बीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।