बहेड़ी। बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर स्थित मुंड़िया टोल के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजीव गंगवार पुत्र स्वर्गीय कड़े राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आत्मघाती कदम उठाने से पहले राजीव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में उसने अपनी मानसिक पीड़ा व्यक्त की है और पारिवारिक उपेक्षा को अपनी परेशानी का कारण बताया है। फिलहाल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब पोस्ट किया गया और आत्महत्या के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।