बरेली। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को बदायूं रोड का निरीक्षण कर यात्रा मार्ग पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि बरेली के अधिकांश कांवड़ यात्री बदायूं के कछला से गंगाजल लेने जाते हैं। वर्तमान में बदायूं रोड पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, इसलिए यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क पर गड्ढों की तत्काल मरम्मत, जलभराव की समस्या का समाधान, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, खंड विकास अधिकारी क्यारा, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।