बरेली। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा राकेश कुमार मिश्र एवं सहायक उप नियंत्रक प्रमोद डागर के निर्देशों के अनुपालन में अलखनाथ प्रभाग की वार्डन पोस्ट शास्त्री नगर द्वारा भूजल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों को जल संरक्षण के महत्व तथा वर्षा जल संचयन के उपायों की जानकारी दी गई। पोस्ट वार्डन साबिर हसन खान ने कहा कि जल का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से वर्षा के पानी को अपने घरों में संरक्षित कर उसका सदुपयोग करने और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए वर्षा जल संचयन को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में रत्नेश कुमार सक्सेना ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करे। अंत में पोस्ट वार्डन साबिर हसन खान ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा अपने-अपने क्षेत्रों में इसके प्रति जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर रत्नेश कुमार सक्सेना, सेक्टर वार्डन राजीव कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार सक्सेना, संजय विसारिया, मुकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।