बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने सहायक श्रमायुक्त के आदेश का पालन न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति, बरेली कॉलेज की बैठक वनस्पति विज्ञान विभाग में समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 29 जुलाई तक सहायक श्रमायुक्त के आदेश का पालन नहीं किया गया तो 30 जुलाई को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि श्रमायुक्त के आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। साथ ही बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों की लंबित मांगों, जिनमें कर्मचारियों का विनियमितीकरण और कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग भी शामिल है, को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर 14 अगस्त से महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में समिति के सचिव हरीश मौर्य और उपाध्यक्ष पूरनलाल मसीह ने भी अध्यक्ष के प्रस्तावों का समर्थन किया। बैठक का संचालन सचिव हरीश मौर्य ने किया। इस दौरान राजाराम, अरविंद यादव, दोदराम, श्रीराम, कन्हाई लाल, तेजपाल, मो. आजम, बच्ची देवी, धर्मेंद्र, ओमप्रकाश यादव, रंजीत, गंगाप्रसाद, मुन्ने राजा, नन्हे लाल, प्रेम शंकर, भीकम सिंह, सुनील कुमार सिंह, संजीव पटेल, नरेश वाल्मीकि, कुलदीप, रामबाबू, वीर कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।