जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना है : माता प्रसाद पांडे
बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडे गुरुवार को रामपुर जाते समय बरेली के सर्किट हाउस में रुके। यहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को राजनीतिक विद्वेष के चलते निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि विधिवत खरीदी गई थी, लेकिन पहले आजम खान को झूठे मुकदमों में जेल भेजा गया और अब विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है।
माता प्रसाद पांडे ने कहा कि यदि जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चलाया गया तो समाजवादी पार्टी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और हर स्तर पर इस कार्रवाई का विरोध करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार को शिक्षा विरोधी बताते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों को बचाना सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी की स्थिति का जायजा लेने के लिए उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का 48 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रामपुर रवाना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचकर वास्तविक हालात का आकलन करेगा, जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर से आए निहत्थे छात्रों पर सरकार के इशारे पर लाठीचार्ज कराया गया, जिसकी समाजवादी पार्टी निंदा करती है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, शिक्षा, खाद की कमी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों जैसे जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए धार्मिक उन्माद और वंदे मातरम जैसे विषयों को उछाल रही है। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों का लाभ आम जनता के बजाय बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है। उनके अनुसार बड़े कारोबारियों के हजारों करोड़ रुपये के ऋण माफ किए जा रहे हैं, जबकि किसान और गरीब वर्ग छोटे-छोटे कर्ज के बोझ से दबे हुए हैं।माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।















































































