बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 971 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बदायूं रोड से मिलक रौंधी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर सर्वेश कुमार निवासी सिरौली, बरेली और रामवृक्ष कुमार निवासी चतरा, झारखंड को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में सर्वेश के पास से 967 ग्राम तथा रामवृक्ष के पास से 1004 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड से अफीम लाकर बरेली में इसकी सप्लाई करते थे और बरामद अफीम भी बिक्री के उद्देश्य से लाई गई थी। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना सुभाषनगर पुलिस के साथ एसओजी टीम भी शामिल रही।