बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ जिले की महत्वाकांक्षी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्ष 2017 से अब तक संचालित 37 प्रमुख योजनाओं की प्रगति, बजट व्यय और लाभार्थियों की जानकारी अधिकारियों से ली गई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने जंतर-मंतर पर हुए हंगामे को लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन की आड़ में इन दलों के लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे थे। उन्होंने कहा कि उपद्रव के पीछे विपक्ष की साजिश थी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं की गई। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है, इसलिए इस्तीफे का कोई प्रश्न नहीं उठता। 2027 विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव “मुंगेरी लाल के हसीन सपने” देख रहे हैं, जबकि भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ सम्मेलन अभियान संगठन को और मजबूत करेगा, क्योंकि चुनाव की जीत बूथ स्तर से तय होती है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर विकास कार्यों से परेशान होने का आरोप भी लगाया।