बरेली। भुता क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय बिल्हौआ में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षा कक्ष भवन का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला सहित क्षेत्र के शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। प्रधानाध्यापक संतोष कुमार पांडे के निर्देशन में तैयार इस दो मंजिला भवन में नीचे और ऊपर एक-एक आधुनिक, विशाल एवं हवादार कक्षा का निर्माण कराया गया है। भवन को भूकंपरोधी तकनीक से बनाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा। समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं आवश्यक हैं। सरकार विद्यालयों के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना की भी जानकारी दी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी शशांक शुक्ला ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए भवन के नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में दिनेश सिंह, अनुज शर्मा, प्रियंका शुक्ला, रोहित शर्मा, आमोद यादव, विकास शुक्ला, फहीम, विमल अवस्थी, योगेश, अफजल, रेनू, पायल, जितेंद्र, ग्राम प्रधान भगवानदास, विनोद शुक्ला, रामकिशोर सहित न्याय पंचायत के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक संतोष कुमार पांडे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।