बरेली। सामाजिक संस्था वर्क ऑर्गेनाइजेशन ने सोमवार को जिला अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच भोजन पैकेट वितरित किए। संस्था की ओर से 100 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्क ऑर्गेनाइजेशन 38 वर्ष पुरानी सामाजिक संस्था है, जिसका प्रधान कार्यालय रामपुर में स्थित है। संस्था देश के 100 से अधिक जिलों में भोजन, शरबत, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री का नियमित वितरण कर सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय है।भोजन वितरण के दौरान संस्था के सदस्यों ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या परेशानी होने पर वे संस्था के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर संस्था की कार्यकर्ता अरीबा नाज़, अक्सा नाज़, फरहीन फातिमा और इंशा नाज़ ने मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन पैकेट वितरित किए। संस्था के इस सेवा कार्य की अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना की।