बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सोमवार को 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक फुटबॉल (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन समारोह में विभिन्न जोनों की टीमों, पुलिस अधिकारियों और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 11 और महिला वर्ग की छह जोनों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन पुरुष वर्ग में पांच मुकाबले खेले गए। वाराणसी जोन ने लखनऊ जोन को 5-0, मेरठ जोन ने आगरा जोन को 6-0, पीएसी पूर्वी जोन ने पीएसी मध्य जोन को 2-0, गोरखपुर जोन ने बरेली जोन को 2-0 तथा लखनऊ जोन ने पीएसी पश्चिमी जोन को 2-1 से हराया। महिला वर्ग में कानपुर जोन ने प्रयागराज जोन को 2-1 और मेरठ जोन ने आगरा जोन को 1-0 से शिकस्त दी। एसएसपी अनुराग आर्य ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ नेतृत्व क्षमता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध मनीष चंद सोनकर, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन शिवम आशुतोष, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, पीएसी के अधिकारी, पुलिसकर्मी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के संचालन की व्यवस्था रिजर्व पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई।