बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने गौकशी के प्रयास को विफल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग में एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक जीवित बैल को सुरक्षित मुक्त कराया तथा दो अवैध तमंचे, कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त हथियार बरामद किए।सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि पुलिस के अनुसार 20/21 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि मुड़िया हाफिज के पास खेत में दो वांछित आरोपी गौवंशीय पशु को काटने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपियों ने घेराबंदी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें आरक्षी लक्की के हाथ में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धौराटांडा निवासी दानिश (27) और फईम (30) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो तमंचे, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त छुरियां, बांका, दांव, लकड़ी का गुटका और रस्सियां बरामद हुईं। पेड़ से बंधे जीवित बैल को सुरक्षित छुड़ाया गया।पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए गौवंश की हत्या कर मांस की तस्करी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि दोनों पहले भी गोवध अधिनियम के मामलों में वांछित रहे हैं। इस संबंध में भोजीपुरा थाने में बीएनएस, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।