बरेली। थाना शेरगढ़ पुलिस ने भाई की हत्या के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में एक आरक्षी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध 12 बोर तमंचा, कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।बहेड़ी सीओ अरुण कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को ग्राम खजुआ जागीर निवासी इसरार की उसके बड़े भाई गुड्डू उर्फ तौफीक ने आपसी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना शेरगढ़ में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।21 जुलाई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से कस्बापुर पुल की ओर आ रहा है। घेराबंदी के दौरान पुलिस के रुकने के संकेत पर उसने भागने का प्रयास किया और फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी अंकुर भाटी घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल होकर पकड़ा गया। पूछताछ और प्रारंभिक विवेचना में बरामद अवैध तमंचे से ही इसरार की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुड्डू उर्फ तौफीक थाना शेरगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध पहले से 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।