बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मंगलवार को सुभाष नगर स्थित दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित नवीन मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र (पुरुष) एवं ममता राजकीय मानसिक मंदित बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भोजनालय और भंडार गृह का निरीक्षण किया। निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार भोजन की गुणवत्ता देखी तथा पेयजल, आरओ वाटर प्यूरीफायर और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता भी जांची। वार्डेन एवं नर्स कक्ष का निरीक्षण कर उन्होंने संवासियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में आश्रय गृह में 28 मानसिक रूप से दिव्यांग संवासी रह रहे हैं, जिनका नियमित मेडिकल चेकअप कराया जाता है। प्रशिक्षण कक्ष में जिलाधिकारी ने संवासियों से बातचीत की, उनकी दिनचर्या और भोजन की जानकारी ली तथा उन्हें फल वितरित किए। वहीं ममता राजकीय मानसिक मंदित बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय के संचालन के लिए आवश्यक कार्मिक उपलब्ध कराने हेतु शासन को पत्र भेजा गया है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में पुनः पत्र भेजने के निर्देश दिए ताकि कार्मिकों की नियुक्ति के बाद विद्यालय का संचालन भी नियमित रूप से शुरू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।