बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव रसूला में एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। मौके पर विवाहिता कमरे में बेड पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार रसूला गांव निवासी सोनिया (23 वर्ष) पत्नी प्रदीप की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि ससुराल पक्ष ने सोमवार दोपहर मृतका के मायके वालों को फोन कर घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग तत्काल रसूला पहुंचे, जहां सोनिया अपने कमरे में बेड पर पड़ी मिली।मृतका का मायका बिसौली कोतवाली क्षेत्र के अतरपुरा गांव में है। करीब तीन वर्ष पूर्व सोनिया का विवाह रसूला निवासी प्रदीप के साथ हुआ था। दंपति का करीब दो वर्ष का एक बेटा है। पति प्रदीप खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के संबंध में मायके पक्ष ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।