बदायूं। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी डकैती के वांछित आरोपी को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक पुलिस आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इस्लामनगर थाना पुलिस बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की मुठभेड़ 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश तस्लीम उर्फ अधिकारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान निवासी डभौरा, थाना गढ़िया रंगीन, जिला शाहजहांपुर से हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग के दौरान एक आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के साथ 17 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव सुंदरनगर में लूट और डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था और तभी से फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी डकैती कांड में कुछ दिन पहले पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश मारा जा चुका है।