श्री रघुनाथ मंदिर में अष्टयाम सेवा महोत्सव का भव्य समापन, मंगला आरती से शयन आरती तक उमड़ा आस्था का सैलाब

Screenshot 2026-07-20 201653
WhatsAppImage2026-02-15at42216PM1
previous arrow
next arrow

बदायूं। अखिल भारतीय श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल, बदायूं पुरी के तत्वावधान में श्री रघुनाथ मंदिर (पंजाबी मंदिर), रामबाड़ा में आयोजित भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु के अष्टयाम सेवा महोत्सव का समापन सोमवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। मंगला आरती से लेकर रात्रि शयन आरती तक आयोजित समस्त अष्टयाम सेवाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य दर्शन किए। दिनभर मंदिर परिसर अखंड हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान रहा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रातःकाल मंगला आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके बाद धूप आरती, श्रृंगार सेवा एवं राजभोग सेवा विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुई। प्रत्येक सेवा में भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन के साथ प्रभु की आराधना कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
सायंकाल चार बजे उत्थापन सेवा में भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा को विश्राम के उपरांत जागृत कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस सेवा के यजमान श्री राजीव वैश्य एवं श्रीमती नीतू वैश्य रहे। इसके उपरांत संध्या आरती सेवा में दीपों की दिव्य आभा, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के मध्य भगवान की मनोहारी आरती उतारी गई। इस सेवा के यजमान श्रीमती रूपम गुप्ता एवं श्री मनोज गुप्ता रहे।
रात्रि में औलायी दर्शन एवं भोग सेवा के दौरान भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु को विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भोग सेवा के यजमान श्री दीपांक रस्तोगी एवं श्रीमती दीप्ति दीपांक रस्तोगी रहे।
इसके बाद शयन आरती सेवा के साथ अष्टयाम सेवा का भावपूर्ण समापन हुआ। भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विशेष शयन श्रृंगार उन्नति रस्तोगी द्वारा किया गया, जबकि शयन आरती एवं पूजा-अर्चना के यजमान श्री राजीव गुप्ता एवं श्रीमती सोनम गुप्ता रहे। संपूर्ण आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन से भक्तिरस में डूबा रहा तथा श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
समापन अवसर पर कृपापात्र श्री राहुल रस्तोगी ने अपनी मधुर, भावपूर्ण एवं भक्तिमयी राग सेवा प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके संकीर्तन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। उन्होंने भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना करते हुए महाप्रभु की कृपा का संदेश दिया।
अंत में महाप्रसाद वितरण के साथ अष्टयाम सेवा महोत्सव का भव्य एवं सफल समापन हुआ। राधा माधव संकीर्तन मंडल की ओर से श्रीमती महिमा वैश्य ने सभी सेवायतों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता में उनके सहयोग की सराहना की।

ReferralCodeLLVR11
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-12-28at122820
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2024-06-13at122213
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2024-10-20at41111PM1
previous arrow
next arrow
WhatsAppImage2023-04-17at53854PM4
previous arrow
next arrow
Home
Live TV
VIDEO NEWS
Verified by MonsterInsights