सीबीएसई विद्यालयों के लिए ऐतिहासिक पहल: बदायूं में ‘सीबीएसई सहोदय’ का हुआ गठन, जिले के सभी प्रमुख स्कूल एक मंच पर आए
बदायूं। जनपद के केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध विद्यालयों के लिए शनिवार को एक ऐतिहासिक पहल करते हुए ‘बदायूं सहोदय (Budaun Sahodaya)’ का औपचारिक गठन किया गया। ब्लूमिंग डेल स्कूल, बदायूं में आयोजित प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक में जिले के लगभग सभी प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सर्वसम्मति से सहोदय की पहली कार्यकारिणी का चुनाव किया।बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के सीबीएसई विद्यालयों के बीच आपसी सहयोग, शैक्षणिक नवाचार, संसाधनों के आदान-प्रदान तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक साझा मंच तैयार करना था। सहोदय, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की एक महत्वपूर्ण अवधारणा है, जिसके माध्यम से एक जिले के सभी सीबीएसई विद्यालय संयुक्त रूप से विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करते हैं।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ब्लूमिंग डेल स्कूल के प्राचार्य संजीव सिंह राठौर को बदायूं सहोदय का प्रथम अध्यक्ष चुना गया। एपीएस स्कूल के प्राचार्य रवि भट्ट को सचिव, मदर एथेना स्कूल की प्राचार्या श्रीमती पवित्रा यादव को कोषाध्यक्ष, ज़ीलॉट स्कूल की प्राचार्या श्रीमती ज्योति लता को सांस्कृतिक सचिव तथा बाबा इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या रूपा माहेश्वरी को क्रीड़ा सचिव के रूप में निर्वाचित किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शीघ्र ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के साथ औपचारिक पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद बदायूं सहोदय जिले के सभी सीबीएसई विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए शैक्षणिक प्रतियोगिताएं, विज्ञान एवं नवाचार कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन, नेतृत्व विकास शिविर, क्षमता संवर्धन कार्यशालाएं, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा अन्य संयुक्त गतिविधियों का नियमित आयोजन करेगा।
बैठक में उपस्थित सभी प्राचार्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि बदायूं सहोदय का गठन जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगा। इससे विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के व्यापक अवसर मिलेंगे तथा शिक्षकों को भी नवीन शिक्षण पद्धतियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त होगा।
सभी सदस्यों ने इस पहल को जनपद के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि बदायूं सहोदय आने वाले समय में जिले के सीबीएसई विद्यालयों के लिए सहयोग, गुणवत्ता और उत्कृष्टता का सशक्त मंच साबित होगा।















































































