बरेली। मलूकपुर क्षेत्र निवासी इम्तेयाज कुरैशी ने शत्रु संपत्ति से जुड़े एक मामले में निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराने की मांग उठाई है। उन्होंने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मामले की जांच लेखपाल द्वारा की गई, लेकिन वह जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने जांच को लेखपाल से हटाकर किसी अन्य विभाग अथवा गोपनीय एजेंसी से कराए जाने की मांग की है। इम्तेयाज कुरैशी के अनुसार उनकी पत्नी फरजाना बेगम ने मलूकपुर स्थित नीम वाली मस्जिद बाजदरान क्षेत्र में 120 वर्ग गज भूमि में से 54 वर्ग गज का एक प्लॉट खरीदा था। उनका कहना है कि बाद में जानकारी मिली कि संबंधित भूमि शत्रु संपत्ति की श्रेणी में आती है। इस जानकारी के बाद उन्होंने उक्त संपत्ति का क्रय-विक्रय करने से इनकार कर दिया। प्रार्थी का आरोप है कि संबंधित विक्रेताओं ने बाद में उक्त भूमि का बैनामा अपनी बहन के नाम कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शत्रु संपत्ति होने के बावजूद भूमि का क्रय-विक्रय किया जा रहा है तथा उस पर निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। मामले में कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया गया है। इम्तेयाज कुरैशी का कहना है कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल सहित उपजिलाधिकारी सदर एवं अन्य अधिकारियों को कई बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।