उझानी:- कोतवाली उझानी की महिला उपनिरीक्षक भारती सिंह के नेतृत्व में आज नगर के घण्टाघर चौराहे पर उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत उझानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए एक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान कोतवाली उझानी के घण्टाघर चौराहे पर आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के कुशल मार्गदर्शन में, मिशन शक्ति टीमों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता फैलाई। इन टीमों ने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों का दौरा किया।अभियान के दौरान, महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। टीमों ने बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के सुझाव दिए । उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में वे तत्काल डायल-112 पर या मिशन शक्ति टीम से शिकायत कर सकती हैं। इस टीम में महिला उप निरीक्षक भारती सिंह, महिला कांस्टेबल संगीता,मनीषा और प्रीति शामिल थीं