बदायूं। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में उत्तराखंड के शीतलाखेत (अल्मोड़ा) में आयोजित नेचर स्टडी कम ट्रेनिंग कैंप एवं एडवेंचर कैंप में स्काउट-गाइड ने प्रकृति के बीच रहकर विभिन्न औषधीय पौधों और उनके गुणों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रतिभागियों ने विभिन्न साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैंप के दौरान आयोजित प्रदेश स्तरीय ग्रांड कैंप फायर में स्काउट-गाइड ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं का अदम्य साहस और अद्भुत शक्ति नया इतिहास रचने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जीवन जीने की कला सिखाती है, जबकि एडवेंचर गतिविधियां युवाओं में उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास का संचार करती हैं। लीडर ऑफ द कोर्स एवं सहायक राज्य संगठन आयुक्त जय प्रकाश दक्ष ने कहा कि श्रेष्ठ चिंतन और पवित्र आचरण व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारते हैं। मिर्जापुर के ट्रेनिंग काउंसलर चंद्र प्रकाश प्रजापति ने बच्चों को धैर्य और साहस के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। शीतलाखेत केंद्र प्रभारी त्रिवेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। एडवेंचर कार्यक्रम के दौरान लीडर ऑफ द कोर्स मोहित कुमार, एडवेंचर इंस्ट्रक्टर एवं सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर अमित सैनी, डीटीसी आनंद मालियान तथा सुरेश बिंद ने स्काउट-गाइड को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर डीओसी सतीश श्रीवास्तव, एम.के. खान, नागेश, दिनेश कुमार, दिनेश यादव, रामेश्वरी वर्मा, लाल बहादुर पटेल, रोहित गुप्ता, जीवन गोला, फरदीन अहमद, अरहम खान एवं अरशद खान सहित अनेक पदाधिकारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वाराणसी के डीओसी विष्णु विश्वकर्मा ने किया।