भाजपा विधायक महेश गुप्ता की सौगात,तपोसिद्ध मंदिर बनेगा भव्य पर्यटक स्थल, 76 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य शुरू
बदायूँ। विधानसभा क्षेत्र बदायूँ के ग्राम घोंसपुर स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध तपोसिद्ध मंदिर को अब एक भव्य पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 76 लाख रुपये की धनराशि से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ मंगलवार को शहर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिली है। सरकार का उद्देश्य आस्था के केंद्रों का विकास कर उन्हें पर्यटन से जोड़ना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि घोंसपुर स्थित तपोसिद्ध मंदिर का सौंदर्यीकरण क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है तथा वह क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत हैं।
तपोसिद्ध मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थान महान संत तपोसिद्ध महाराज की तपोस्थली रहा है और इसका विशेष पौराणिक महत्व है। यहां पूर्व में मां गंगा के प्रवाह की मान्यता भी प्रचलित रही है।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को पर्यटन मानचित्र पर स्थान दिलाया जाए। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष प्रस्ताव रखकर मंदिर के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत कराई।
मंदिर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विकास कार्य शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, श्रीकृष्ण पाठक, अंकित शाक्य, पंकज गुप्ता, रामू सिंह, धीरेन्द्र सिंह, हरवंश पाल, आदेश शर्मा, कमलेश गुप्ता, शितांशु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















































































