बरेली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बरेली में एक बड़े कारोबारी के आवास पर छापेमारी कर सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार थाना प्रेमनगर क्षेत्र के मारवाड़ी गंज इलाके में स्थित कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर पर ईडी की टीम पिछले पांच घंटे से कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आशुतोष अग्रवाल शहर के प्रमुख कारोबारियों में शामिल हैं और मोबाइल फोन शोरूम के साथ-साथ बाटा कंपनी के बड़े कारोबारी के रूप में जाने जाते हैं। ईडी की कार्रवाई के चलते उनके आवास के बाहर पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके। सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान घर के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश और निकास पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर मौजूद हैं और जांच एजेंसी की टीम आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य अभिलेखों की पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक और सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं यह भी चर्चा है कि इसी मामले से जुड़े संभावित ठिकानों पर लुधियाना और गाजियाबाद में भी ईडी द्वारा कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।समाचार लिखे जाने तक ईडी की कार्रवाई लगातार जारी थी। अधिकारियों की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पूरे घटनाक्रम पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं और कार्रवाई को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।