झोपड़ी में सो रहे पांच मजदूरों को कार ने रौंदा, जिला अस्पताल में भर्ती , कार सहित चालक फरार
बरेली। जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़गंज में देर रात एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बनी झोपड़ी को तोड़ते हुए अंदर सो रहे पांच मजदूरों के ऊपर चढ़ गई। इस हादसे में झोपड़ी के भीतर सो रहे सभी मजदूर घायल हो गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार हो रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मजदूर भमोरा थाना क्षेत्र के ही फिरोजपुर और किलोरा गांवों के रहने वाले हैं, जो इन दिनों बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के गोटिया इलाके में चल रहे आरसीसी रोड निर्माण कार्य में लगे हुए थे। दिनभर कड़ी मेहनत करने के बाद सभी मजदूर बिथरी चैनपुर के गांव पहाड़गंज में सड़क से काफी नीचे बनी अपनी अस्थाई झोपड़ी में सोने चले गए थे। रात में लगभग 1 बजे कार मजदूरों के ऊपर चढ़ा दी घायलों की पहचान नन्हे पाल (45 वर्ष) पुत्र दिलखुश , जयपाल (33 वर्ष) पुत्र भवानी ,उमेश (35 वर्ष) पुत्र नरेश पाल , ठेकेदार श्रीराम 40 वर्षीय पुत्र देशराज निवासी गांव फिरोजपुर भमोरा के है , अमर सिंह 35 वर्षीय पुत्र हीरालाल गांव किलोरा थाना भमोरा निवासी है।
हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब सभी मजदूर गहरी नींद में थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से काफी हटके बनी झोपड़ी को तहस-नहस करते हुए सीधे सो रहे मजदूरों के ऊपर से चढ़ गई। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चालक कार लेकर रफूचक्कर हो चुका था। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पहुंची थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने सभी लहूलुहान मजदूरों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपी कार और चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















































































