गौकशी की फिराक में घूम रहा शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही भी घायल
बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान गौवंशीय पशु के वध की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरक्षी घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना भोजीपुरा में तैनात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति पचौरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित सरकारी नलकूप के पास गौवंशीय पशु के वध की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों की घेराबंदी की।
करीब 1:50 बजे पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अवैध तमंचों से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
घायल बदमाश ने अपना नाम कल्लू उर्फ कलुवा पुत्र इब्राहीम निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा बताया। उसकी तलाशी में एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण, जिनमें छुरी और कुल्हाड़ी शामिल हैं, बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया पुत्र नजीर अहमद उर्फ गंठा निवासी परतापुर जीवन सहाय, थाना इज्जतनगर के साथ मिलकर एक आवारा गौवंशीय पशु का वध कर उसका मांस ले जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया और गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने फायरिंग कर दी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कल्लू उर्फ कलुवा गौकशी का अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध बरेली के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाश और घायल आरक्षी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुठभेड़, अवैध असलाह बरामदगी और गौकशी की तैयारी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।















































































