बिल्सी/उझानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विधायक हरीश शाक्य के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कृषि विज्ञान केंद्र उझानी, ग्राम पंचायत शहजाद नगर तथा मंडी समिति बिल्सी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग तथा घटते भू-जल स्तर जैसी समस्याओं से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ सैकड़ों लोगों को जीवन प्रदान करता है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने घर, खेत तथा सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण करें और पौधों के पेड़ बनने तक उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि भू-जल स्तर बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी सहायक होते हैं। विधायक ने लोगों से अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर, पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर, आदित्य माहेश्वरी, मोहित गुप्ता, अजय प्रताप, अमित मिश्रा, सत्यवीर सिंह, लीलाबती, बादाम सिंह, सोनी सिंह, राहुल देव, राजेश्वर पटेल सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।