बदायूँ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, उझानी में जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता सिंह ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के लिए निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें। इस अवसर पर प्रभागीय वन अधिकारी निधि चौहान, थाना प्रभारी उझानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के सभी थाना परिसरों में भी वृक्षारोपण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान के माध्यम से प्रशासन ने आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।