बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम सुरैनी पापड़ी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। मेंथा प्लांट के टैंक की सफाई करने उतरे तीन सगे भाई जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी जयवीर (32) राजेश यादव (22) तथा पोटी (27) अपनी मेंथा फैक्ट्री को चालू करने की तैयारी कर रहे थे। मेंथा की फसल तैयार होने के बाद उत्पादन शुरू करने से पहले टैंक की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान सबसे पहले एक भाई टैंक में उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई अंदर गया और वह भी गैस की चपेट में आ गया। इसके बाद तीसरा भाई दोनों को बचाने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर बनी जहरीली गैस के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना में जयवीर और राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पोटी को गंभीर हालत में बाहर निकालकर उपचार के लिए मुरादाबाद भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं दो सगे भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।