बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती की लिखित परीक्षा जनपद बदायूं में दो दिनों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक देखरेख में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया। परीक्षा के प्रथम दिन जनपद के 9 केंद्रों पर प्रथम पाली तथा 7 केंद्रों पर द्वितीय पाली में परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में विभिन्न विषयों के कुल 3687 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1896 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 1791 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 51.42 रहावहीं द्वितीय पाली में कुल 2918 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1689 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1229 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में उपस्थिति प्रतिशत 57.88 दर्ज किया गया।आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रथम दिवस की दोनों पालियों को मिलाकर कुल उपस्थिति प्रतिशत 54.27 प्रतिशत रहा। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित यह परीक्षा दूसरे दिन भी शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। किसी भी केंद्र से नकल, अव्यवस्था अथवा अन्य किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली और सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। टीजीटी भर्ती परीक्षा के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन से अभ्यर्थियों में भी संतोष देखने को मिला। प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने का दावा किया है।