चार विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं की मैराथन बैठक, जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने तय की सीधी जवाबदेही
बरेली। समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को जिला कार्यालय पर आयोजित विशेष संगठनात्मक बैठक में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने बहेड़ी, मीरगंज, भोजीपुरा और नवाबगंज विधानसभा क्षेत्रों के विधानसभा अध्यक्षों, जोन प्रभारियों एवं प्रमुख नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की बैठक की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि पहली बार जिम्मेदार पदाधिकारियों को सीधे चार-चार बूथों की निगरानी और समीक्षा का दायित्व सौंपा गया। अब संबंधित पदाधिकारी अपने निर्धारित बूथों की गतिविधियों, संगठनात्मक स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क कार्यक्रमों की नियमित रिपोर्ट जिला नेतृत्व को इसी महीने की 20तारीख तक उपलब्ध कराएंबैठक में बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती, पीडीए समाज के बीच संपर्क अभियान, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, स्थानीय जनसमस्याओं को चिन्हित करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि,राजनीति का केंद्र अब केवल मंच और सभाएं नहीं, बल्कि बूथ बन चुका है। समाजवादी पार्टी का हर जिम्मेदार साथी अपने बूथ को मजबूत बनाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे। जिस बूथ पर संगठन सक्रिय होगा, वहां समाजवादी विचारधारा और जनता की आवाज दोनों मजबूत होंगी।उन्होंने कहा कि पार्टी अब संगठनात्मक कार्यों में केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्येक जिम्मेदारी की समीक्षा भी की जाएगी।हम ऐसा संगठन खड़ा कर रहे हैं जिसमें हर कार्यकर्ता की भूमिका स्पष्ट हो और हर पदाधिकारी का कार्य दिखाई दे। जनता के बीच रहने वाले कार्यकर्ताओं को ही पार्टी की असली ताकत माना जाएगा। बूथों की नियमित समीक्षा से संगठन की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और जहां कमी होगी, वहां तत्काल सुधार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाने वाला मजबूत सामाजिक और राजनीतिक ढांचा तैयार करना है।
बैठक के दौरान प्रमोद बिष्ट,सुरेंद्र सोनकर,रविंद्र सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा,अनिल गंगवार,सुरेश गंगवार,डॉ इंद्रपाल यादव पूर्व ब्लॉक प्रमुख, बृजेंद्र यादव,पुरषोत्तम गंगवार, डॉ जीराज यादव,बी डी वर्मा,इंद्रपाल सागर पीयूष वर्मा,भारती चौहान, संगीतापाल,तेजपाल गंगवार,अरबिंद गंगवार,राकेश यादव आदि लोग मौजूद रहे।















































































