बरेली। बरेली पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मई माह में 462 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपये बताई गई है। गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने मोबाइल उनके स्वामियों को लौटाए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार जताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर टीम, सर्विलांस सेल तथा विभिन्न थानों के कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने सीईआईआर पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से यह सफलता प्राप्त की। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज, शाही, विशारतगंज, अलीगंज, फरीदपुर, भोजीपुरा, शीशगढ़, देवरनियां, शेरगढ़, नवाबगंज और हाफिजगंज की साइबर टीमों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से मई 2026 तक कुल 5259 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कीमत लगभग 10.5 करोड़ रुपये है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में सूचना देने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं, जिससे उसके दुरुपयोग को रोका जा सके।