बरेली। दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बरेली अग्निशमन विभाग ने शहर में सात दिवसीय फायर सेफ्टी अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत होटल, अस्पताल, मॉल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की जा रही है। अभियान के पहले दिन दमकल विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख होटल स्वर्ण टॉवर का निरीक्षण किया, जहां अधिकांश फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं मानकों केटी अनुरूप और दुरुस्त पाई गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि यह नियमित निरीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से और अधिक प्रभावी बनाया गया है। जांच के दौरान फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग का उद्देश्य संभावित हादसों को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।