बरेली। डिजिटल इंडिया और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बरेली पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए थाना शाही और थाना सिरौली में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ कर दिया है। इसके साथ ही मीरगंज सर्किल के सभी तीनों थानों में यह आधुनिक व्यवस्था संचालित हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य जब्त संपत्तियों, लावारिस वस्तुओं और अन्य माल के सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा और क्षेत्राधिकारी मीरगंज की उपस्थिति में थाना शाही में ई-मालखाना का लोकार्पण किया गया, जबकि थाना सिरौली में इसका वर्चुअल शुभारंभ हुआ। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से मालखाने में रखे समस्त लंबित माल का डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया है। क्यूआर कोड आधारित पहचान, सिंगल क्लिक एक्सेस, रीयल-टाइम अपडेट और सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड जैसी सुविधाओं से न्यायालयीय कार्यवाही और संपत्ति प्रबंधन अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा। पुलिस अधिकारियों ने इसे पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।