बरेली। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी बरेली को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर शहर में सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और वाटर एटीएम मशीनें लगाए जाने की मांग की। मुख्तार अहमद ने बताया कि जनपद में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे राहगीरों, रिक्शा-ठेला चालकों, दिहाड़ी मजदूरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ज्ञापन में मांग की गई कि शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कचहरी, तहसील, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में तत्काल प्याऊ एवं वाटर एटीएम स्थापित किए जाएं। साथ ही नगर निगम के माध्यम से सभी वार्डों में स्थायी जल व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों के ब्लॉक व तहसील मुख्यालयों पर आरओ मशीनें तथा लू से बचाव के लिए ओआरएस, छाया और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष वसी अहमद ने कहा कि भीषण गर्मी में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद ने टैंकर व्यवस्था को अस्थायी बताते हुए वाटर एटीएम को स्थायी समाधान बताया। जिला महासचिव अकीलउद्दीन ने कहा कि कई इलाकों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं, जो गंभीर स्थिति है। वहीं मोहम्मद इबाद ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, मंडलायुक्त और नगर आयुक्त को भी भेजी है और जनहित में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।